लगातार बढ़ती हुई समस्याओं का एकमात्र हल पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण - भगत सिंह वर्मा

लगातार बढ़ती हुई समस्याओं का एकमात्र हल पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण •••• पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने तक संघर्ष जारी रहेगा •• भगत सिंह वर्मा


 विरेन्द्र चौधरी/अभिषेक जैन 

मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। आज यहां निकटवर्ती ग्राम तुगलकपुर कमहेड़ा गुरु गोविंद सिंह इंटरनेशनल स्कूल में पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। जनसंख्या की दृष्टि से दुनिया के मात्र तीन देश उत्तर प्रदेश से बड़े हैं बाकी 195 देश उत्तर प्रदेश से काफी छोटे हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश का विभाजन जरूरी है। 

भगत सिंह वर्मा ने कहा कि यूनाइटेड स्टेट अमेरिका की जनसंख्या 34 करोड़ है और वहां 50 राज्य हैं। इसलिए कम से कम उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है। उत्तर प्रदेश की जनसंख्या 25 करोड़ है यहां 75 जिले हैं 80 लोकसभा क्षेत्र हैं 403 विधानसभा क्षेत्र हैं 18 मंडल हैं। इतने बड़े राज्य का संचालन उत्तर प्रदेश का मुखिया लखनऊ में बैठकर सही से नहीं कर सकता है यही कारण है कि उत्तर प्रदेश आज गरीबी महंगाई भ्रष्टाचार और बेरोजगारी की चपेट में है। 

भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिले सरकार को 80% राजस्व देते हैं इसके बावजूद भी यहां मात्र 19% धन खर्च किया जाता है। जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण होगा तो यहां शिक्षा और चिकित्सा अंतरराष्ट्रीय स्तर की होगी और सभी को निशुल्क होगी और यहां प्रतिव्यक्ति वार्षिक आय कतर देश से भी अधिक होगी। भगत सिंह वर्मा ने किसानों मजदूरों व्यापारियों दुकानदारों नौजवानों छात्रों बुद्धिजीवियों वकीलों और पत्रकारों से एकजुट होकर पृथक पश्चिम प्रदेश के निर्माण के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया और पृथक राज्य को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। 

बैठक का संचालन करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री असीम मलिक ने कहा कि अब समय आ गया है की विशेष रूप से युवा शक्ति को आगे आकर अलग राज्य के लिए संघर्ष करना होगा। लगातार बढ़ती हुई समस्याओं का एकमात्र हल पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण ही है। आसीम मलिक ने कहा कि चार दशक से अधिक वकीलों की लड़ाई लड़ने के बावजूद भी आज तक यहां हाई कोर्ट की बैंच स्थापित नहीं की गई है। जो पश्चिम की 8 करोड़ जनता के साथ सरासर अन्याय है। अब सभी को मिलाकर अलग राज्य के लिए संघर्ष करना होगा। 

बैठक की अध्यक्षता सरदार तेजपाल सिंह जी ने की। बैठक में  अमीर आलम को जिला मुजफ्फरनगर का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष अमीर आलम ने कहा कि पृथक राज्य की लड़ाई को तेज किया जाएगा जिससे सभी को फायदा होगा। बैठक में पदम सिंह चौधरी रिछपाल सिंह अर्जुन सिंह रणवीर सिंह मोहम्मद शौकीन अमित कुमार सुनील कुमार सुमित वर्मा राजेंद्र सिंह सतबीर सिंह पंकज कुमार पंकज कुमार अमरजीत सिंह तहजीब आलम सुमित चौधरी ने भाग लिया।

Comments