सहारनपुर साइबर क्राइम पुलिस ने कराई 1.30 लाख की धनराशि वापसी

 साइबर क्राइम पुलिस ने धोखाधड़ी से निकाली गई वादी की 1 लाख 30 हजार रूपए की धनराशि कराई वापिस

विरेन्द्र चौधरी

सहारनपुर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने वादी के क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी कर निकाली गई एक लाख 30 हजार रूपए की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल कर ली। साइबर क्राइम पुलिस के इस सराहनीय कार्य की वादी सहित सर्वत्र सराहना की गई। गौरतलब है कि विगत 27 मार्च को वादी विजय कुमार निवासी बृजेश नगर थाना सदर बाजार ने साइबर क्राइम थाना सहारनपुर में प्रार्थना पत्र दिया था कि उसके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी कर 1 लाख 30 हजार रूपए निकाल लिए हैं। मामले का संज्ञान लेते उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम एवं सहारनपुर परिक्षेत्र के उप महानिरीक्षक महानिरीक्षक व पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम प्रो. त्रिवेणी सिंह ने सम्बंधितों को मामले का शीघ्र ही खुलासा करने के निर्देश दिए गए थे।



 सहायक पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया द्वारा  मामले का खुलासा करने के लिए टीम का गठन किया गया था। साइबर क्राइम पुलिस की टीम ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए जांच के दौरान वादी के खाते में धोखाधड़ी की गई सम्पूर्ण धनराशि 1 लाख 30 हजार रूपए वापस करा दी। वादी सहित सर्वत्र पुलिस के इस कार्य की सराहना की जा रही है।

मामले का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया,उपनिरीक्षक साबिर अली, कांस्टेबल गौरव तोमर, अंकित कुमार, शिवानंद कुमार, अमित पाल, निशांत कुमार व महिला कां. पूनम चौहान शामिल रही।





Comments