मण्डलायुक्त द्वारा तहसील दिवस रामपुर मनिहारान के औचक निरीक्षण •• अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

 मण्डलायुक्त द्वारा तहसील दिवस रामपुर मनिहारान के औचक निरीक्षण  ••  अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश


विरेन्द्र चौधरी 

सहारनपुर।मण्डलायुक्त डा० हृषिकेश भास्कर यशोद द्वारा तहसील रामपुर मनिहारान में आयोजित तहसील दिवस का औचक निरीक्षण किया गया। इसी के साथ उन्होने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर्ताओं की शिकायतों को भी सुना। निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी रामपुर मनिहारान, तहसीलदार रामपुर मनिहारान, नायब तहसीलदार रामपुर मनिहारान, पुलिस क्षेत्राधिकारी रामपुर मनिहारान, खण्ड विकास अधिकारी रामपुर मनिहारान व नानौता उपस्थित मिले। अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने तथा आगामी तहसील दिवस में सभी अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश उप जिलाधिकारी रामपुर मनिहारान को दिये गये।
तहसील दिवस में श्री ब्रजपाल सिंह पुत्र श्री नकली सिंह निवासी रामपुर मनिहारान ग्राम पिलखनी द्वारा मण्डलायुक्त के सामने यह गुहार लगायी गयी कि उसके द्वारा 29 मई 2024 को नकल खतौनी खसरा नं0 637 से ऋण प्रविष्टि हटवाये जाने हेतु भारमुक्त प्रमाण पत्र के साथ अपना प्रार्थना पत्र तहसीलदार रामपुर मनिहारान के कार्यालय में जमा कराया गया था किन्तु आज तक भी उसकी नकल खतौनी से ऋण प्रविष्टि नहीं हटाई गयी है जबकि वह कई बार तसहील के चक्कर काट चुका है। मण्डलायुक्त द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया तथा सम्बन्धित रजिस्ट्रार कानूनगो श्री दिनेश कुमार को चेतावनी प्रदान करते हुये आउटसोर्सिंग कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री श्रवण कुमार की सेवायें तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिये गये।
ग्राम जन्धेडा समसपुर में स्थित सरकारी तालाब पर अवैध कब्जा कर मकान बनाने की शिकायत प्राप्त हुयी। जानकारी करने पर बताया गया कि शिकायत कानूनगो को की गयी थी। कानूनगो द्वारा क्षेत्रीय लेखपाल श्री विनय कुमार को जॉच के निर्देश दिये गये किन्तु लेखपाल द्वारा जाने से मना कर दिया गया। मण्डलायुक्त के संज्ञान में मामला आने पर अवैध कब्जे की पुष्टि हेतु तत्काल मौके पर नायब तहसीलदार व कानूनगों को भेजा गया। रिपोर्ट आने पर इस मामले में बडी कार्यवाही की जायेगी।
तहसील दिवस में ज्यादातर शिकायतें खेतों की नालियां टूटी पडी होने अथवा इन पर दबंग व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा किये जाने की प्राप्त हुयी। जिस कारण किसानों को सिंचाई करने में काफी परेशानियां आ रही है। मण्डलायुक्त द्वारा इसे गम्भीरता से लेते हुये जिलाधिकारी सहारनपुर को निर्देशित किया गया कि जनपद की समस्त तहसीलों में सिंचाई विभाग तथा नलकूप विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के द्वारा अभियान चलाकर समस्त नालियों की मरम्मत कराते हुये इन पर से अवैध कब्जे हटवायंे जिसमें राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा भी सहयोग प्रदान किया जायेगा।
मण्डलायुक्त द्वारा अभियान के उपरान्त इसकी रिपोर्ट भी जिलाधिकारी सहारनपुर से मांगी गयी है।

Comments