मिर्जापुर पुलिस का बड़ा एक्शन, बिना लाइसेंस मीट बेचने वाले 28 विक्रेता गिरफ्तार

 मिर्जापुर पुलिस का बड़ा एक्शन, बिना लाइसेंस मीट बेचने वाले 28 विक्रेता गिरफ्तार


नवरात्रि और मां शाकुंभरी देवी मेले के मद्देनजर चलाया अभियान, खुले में गंदगी फैलाने का भी आरोप

विरेन्द्र चौधरी रवि सैनी 

सहारनपुर। आगामी नवरात्रि पर्व एवं मां शाकुंभरी देवी मेले के मद्देनजर मिर्जापुर पुलिस ने बिना लाइसेंस और अनुमति के मुर्गा मीट की बिक्री करने वाले 28 विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

एसएसपी सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 8 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर बिना लाइसेंस मीट की बिक्री करने वाले 28 विक्रेताओं के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज किए गए।

पुलिस के अनुसार, संबंधित विक्रेता दुकानों पर बिना लाइसेंस या अनुमति के मुर्गा मीट काटकर बेच रहे थे। साथ ही मीट की गंदगी खुले में सड़क पर फेंकी जा रही थी, जिससे क्षेत्र में गंदगी और संक्रमण फैलने की आशंका थी। पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर सभी 28 विक्रेताओं के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


 

Comments